बड़ौत में पत्रकारों से वार्ता करते भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत। स्रोत कार्यकर्ता
बड़ौत(बागपत)। भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि अब गन्ने के भाव को लेकर आंदोलन की जरूरत है। इसके बाद ही सरकार गन्ने का भाव बढ़ाएगी। गन्ने का भाव बढ़ाने की घोषणा किए बिना बागपत से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लौटने पर भी नाराजगी जताई।
वह मंगलवार की रात बड़ौत में एक शादी समारोह में पहुंचे थे और वहां पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आजादी की शताब्दी तक सरकार 70 फीसदी जमीन छीन लेगी। गन्ने का आंदोलन ही नहीं हुआ। इसलिए मुख्यमंत्री बागपत से भाव बढ़ाने की घोषणा किए बिना ही वापस लौट गए। सरकार का रवैया ठीक नहीं है। हर मुद्दे पर किसानों को दबाने का काम किया जा रहा है।
किसानों को फसलों के दाम नहीं, बल्कि कर्जा दिया जा रहा है। सरकार ने तय कर लिया कि कर्ज देकर जमीन ले लो, अगर भाव दे दिया तो किसान गुजारा कर लेगा। जमीन छीनने की योजना बना रखी है। व्यापारी जमीन खरीद रहे हैं। सरकार जनता को जातियों में बांटने का काम रही है। मुकाबला नहीं किया तो अधिकारी जनता को लूट ले जाएंगे। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी रामकुमार, रामहरि पंवार, रामकुमार, रामवीर, रामरंग आदि माैजूद रहे।