संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। निवाड़ा गांव में सोमवार रात परचून की दुकान का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, तहरीर मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई।
निवाड़ा गांव के रहने वाले राशिद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात अपनी परचून की दुकान बंद कर घर चला गया था। मंगलवार सुबह दुकान पर वापस लौटा तो शटर के ताले टूटे मिले। दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ मिला। आरोप लगाया कि चोरों ने उसकी दुकान के ताले तोड़कर दस हजार रुपये की नकदी, तेल का टीन, घी का टीन, रिफाइंड का टीन, साबुन, चावल के पैकेट, आटे के पैकेट, चीनी के कट्टे, बीड़ी-सिगरेट समेत ढाई लाख से अधिक का सामान चोरी कर लिया। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राकेश शर्मा का कहना है कि जांच के आधार पर चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।