आतिशय मोहल्ले में चोरी के बाद बिखरे सामान को दिखाती युवती।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत में शुक्रवार की रात बड़का रोड से सटी अतिशय कालोनी में अज्ञात चोर दो मकानों के ताले तोड़कर नगदी, सोने-चांदी के जेवरात व कीमती सामान चोरी कर ले गए।
सामान की कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये बताई गई है। बदमाशों ने इस कालोनी में नफीस पुत्र अयूब के घर को निशाना बनाया। अयूब शुक्रवार को परिवार सहित मकान के ताले लगाकर शादी में गए थे। जब शनिवार की सुबह आए तो उनके घर के ताले टूटे पड़े थे। बताया कि चोर यहां से 32 हजार की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े, बर्तन चोरी कर ले गए। चोरी की गई सामान की कीमत 1.5 लाख रुपये बताई गई है। इसके बाद बदमाशों ने इसी मकान के सामने फारूख पुत्र जिले के मकान को निशाना बनाया।
यहां भी चोरों ने मकान के ताले तोडे़। बदमाश यहां से 60 हजार की नगदी, दो सोने की अंगूठी, गले की सोने की चेन, चांदी के जेवरात, एलसीडी, कीमती वस्त्र चोरी कर ले गये। चोरी की गई सामान की कीमत 2 लाख रुपये बताई गई है। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
छपरौली में लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
छपरौली। कसबे के एक मकान में चोरों ने दीवार फांदकर घर में घुसकर कीमती समान व नगदी सहित लाखों की चोरी को अंजाम दिया। पीड़ित की ओर से थाने पर तहरीर दी गई है। पुलिस जांच में जुट गई है। कसबा निवासी अशोक पुत्र महेंद्र किसी काम के लिए परिवार सहित बाहर गया हुआ था। शुक्रवार की रात चोर दीवार फांदकर उसके घर में घुसे और माल लेकर फरार हो गए। पड़ोसियों को जब इसका पता चला तो उन्होंने फोन से अशोक को सूचना दी।
वह जब घर पर आया तो उसने घर के अंदर जाकर देखा तो घर पर रखे सोने व चांदी के आभूषण, गैस सिलेंडर, कीमती सामान के साथ साथ 15 हजार की नगदी चुरा ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत दो लाख के करीब बताई जा रही है। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी है। एसओ जितेंद्र यादव ने बताया कि चोरी की घटना पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।