बागपत शहर के एक मोहल्ले में शादी समारोह में कुछ युवकों ने युवतियों के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर बाप-बेटे पर हमला कर दिया। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस को घटना की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ले के व्यक्ति ने बताया कि शुक्रवार रात उनके मामा के घर पर शादी समारोह था। पूरा परिवार शादी में व्यस्त था। इसी दौरान मोहल्ले के चार-पांच युवक वहां पर पहुंचे और युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर वे अभद्रता करने लगे। पता चलने पर उसने उनको ऐसा करने से मना किया तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बचाव में आए उसके बेटे की पिटाई की। इससे वहां हंगामा हो गया। उस समय कुछ लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया था।
आरोप है कि शनिवार सुबह जब वह अपने मकान में सोया हुआ था तो आरोपियों ने वहां पर पहुंचकर उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। शोर शराबा होने पर मोहल्ले के काफी लोग इकट्ठे हो गए। उन्हें देखकर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। इससे उनका पूरा परिवार काफी भयभीत है। पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। कोतवाली एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।