बागपत। काठा गांव में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे के पास मिले युवक की पेट और पैरों में चोट लगने से मौत हुई थी। चोट को देखकर उसकी हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। उधर, पहचान नहीं होने के कारण लावारिस में अंतिम संस्कार किया गया।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर काठा गांव में स्थित पेट्रोल पंप के समीप ग्रामीणों को सोमवार देर रात एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला था। इसका पता चलने पर वहां गए पुलिसकर्मियों ने जांच की।
इसके बाद वहां आए ग्रामीणों से भी युवक के बारे में पूछताछ की। ग्रामीणों ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखकर मारपीट होने की आशंका भी जताई। इसके बाद दो चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के पेट और पैर में गंभीर चोट लगी मिली और उसकी आंत भी फटी हुई थी।
इस मामले में जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि युवक की मौत की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।