बागपत। समाज कल्याण अधिकारी पर कनिष्ठ सहायक ने उत्पीड़न का आरोप लगाकर मानसिक हालत खराब होने की बात कहते हुए आत्महत्या करने की धमकी दी। कर्मचारी ने लोगों के सामने बार-बार अपमान करने, निलंबन व झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए विभाग के निदेशक, संयुक्त निदेशक मेरठ, डीएम व सीडीओ से शिकायत की।
विकास भवन स्थित समाज कल्याण विभाग के कनिष्ठ सहायक राजकुमार ने अधिकारियों को दिए पत्र में आरोप लगाया कि सुबह साढ़े नौ बजे से रात 11 बजे तक कार्यालय में कार्य कराया जाता है। यदि कोई विरोध करता है तो उनके साथ अभद्रता की जाती है। यदि देर रात तक कार्य करने से मना किया जाता है तो लखनऊ से निलंबित कराने की धमकी दी जाती है। कर्मी ने कहा कि अधिकारी के अभद्रता करने के कारण उसकी मानसिक हालत बिगड़ती जा रही है, जिससे वह बागपत में कार्य नहीं कर पा रहा है। उसने कहा कि अगर ऐसा ही होता रहा तो वह आत्महत्या कर लेगा। कर्मचारी ने विभाग के संयुक्त निदेशक से शिकायत कर मेरठ मंडल में किसी भी जिले में तबादला कराने की मांग की है। इस मामले में डीडीओ को जांच सौंप दी गई है।
- संयुक्त निदेशक ने कुछ दिन पहले दी चेतावनी
कर्मचारियों ने समाज कल्याण अधिकारी रश्मि यादव के खिलाफ संयुक्त निदेशक मेरठ को शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद संयुक्त ने कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए थे। उन्होंने अधिकारी को अपने व्यवहार में बदलाव लाने की हिदायत दी थी और कहा था कि यदि शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
- बुजुर्ग व प्रधान लगा चुके हैं आरोप, अब कर्मचारी भी खिलाफ
समाज कल्याण अधिकारी पर पहले भी बुजुर्ग व कई गांव के प्रधान भी अभद्रता करने का आरोप लगा चुके हैं। अब कर्मचारियों ने भी अपनी अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मामले की शिकायत लखनऊ तक गई थी और वहां से जांच कराने के आदेश दिए थे। लेकिन चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।
- समाज कल्याण अधिकारी छुट्टी पर, मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ
समाज कल्याण अधिकारी रश्मि यादव अपने निजी कार्य के कारण तीन दिन की छुट्टी पर गई हुईं हैं। उनसे इस बारे में बात करने के लिए फोन किया गया, मगर उनका मोबाइल स्विच ऑफ था। बताया गया कि वह सोमवार को छुट्टी से लौटेंगी।
- - समाज कल्याण अधिकारी रश्मि यादव के खिलाफ एक कर्मचारी ने शिकायत की है। उसने आत्महत्या करने की बात कही है। मामले की जांच डीडीओ को सौंपी गई है। जांच में अगर आरोप सही मिलते है तो कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा। - नीरज कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ