बागपत/अमीनगर सराय। गैस सिलिंडरों के लिए इंतजार बढ़ रहा है और एजेंंसियों पर लोगों की लंबी लाइन लग रही है, क्योंकि एजेंसियों पर आने वाले उपभोक्ताओं को केवाईसी नहीं होने और पहले सिलिंडर जाने की बात कहकर वापस भेजा जा रहा है। इसके चलते मंगलवार को जिलेभर में 10 हजार से अधिक गैस सिलिंडर वितरित किए गए।
इस्राइल व अमेरिका और ईरान में युद्ध होने के बाद व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की रिफिलिंग पूरी तरह बंद कर दी गई, जबकि घरेलू गैस सिलिंडरों को लेकर मारामारी मची हुई है। दिन निकलते ही गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ लग रही है। मंगलवार को अमीनगर सराय की गैस एजेंसी पर भीड़ लगने की वजह से मार्ग पर जाम लग गया, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई घंटे लाइन में लगने के बाद भी लोगों को बिना सिलिंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा। लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिलने पर किसान मजदूर संगठन ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नू मलिक ने बताया कि कई घंटे लाइन में लगने के बाद लोगों को केवाईसी नहीं होने की बात कहकर वापस भेज दिया। उन्होंने कहा कि बुकिंग नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। 19 मार्च को किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता अमीनगर सराय की गैस एजेंसी पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसको लेकर सभासद रोहित शर्मा के आवास पर रणनीति तैयार की गई। इस मौके पर युवा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, नगर अध्यक्ष रूपेश कौशिक, अखिलेश यादव समेत अन्य मौजूद रहे।
वर्जन-
जिले में गैस की कोई किल्लत नहीं है। गोदामों में पर्याप्त सिलिंडर रखे हुए हैं और डिपो से सिलिंडरों की गाड़ियां भी भेजी जा रही हैं। बुकिंग करने वालों को सिलिंडर दिए जा रहे हैं। अमरचंद वर्मा, एसडीएम।