बागपत। शहर के राष्ट्र वंदना चौक स्थित ढाबे से सब्जी लेकर साइकिल से घर लौट रहे एक कारोबारी के पुत्र की मेरठ रोड पर ट्रक के कुचलने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जबकि चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया।
बागपत के मोहल्ला आर्य नगर स्थित डीपीएस प्ले स्कूल के पास रहने वाले विरेंद्र त्यागी का दिल्ली में बिजली की वायर बनाने का कारोबार है। उनकी पत्नी और बच्चे बागपत में रहते हैं। शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे उनका बेटा वर्नी उर्फ कुन्नू (14) शहर के राष्ट्रवंदना चौक पर स्थित ढाबे से सब्जी लेकर साइकिल से घर लौट रहा था।
मेरठ रोड पर स्थित मोनिका सिनेमाघर के पास तेजी से जा रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया।
घटनास्थल पर काफी लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक की मां ने शव की शनाख्त की। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।
कक्षा छह का छात्र था
बागपत। परिजनों के मुताबिक वर्नी, काठा गांव के इंद्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता था। उसका एक छोटा भाई है।
साइकिल में नहीं आई खरोंच
बागपत। जिस साइकिल पर वर्नी सवार होकर जा रहा था। उस पर एक खरोंच भी नहीं आई, जबकि वर्नी की हादसे में जान चली गई।