बागपत। बोर्ड परीक्षाओं के आज से शुरू हो रहे मूल्यांकन कार्य को देखते हुए शासन ने केंद्रों पर अपनी गाइड लाईन जारी कर दी है। शासन ने उपकेंद्र केंद्र नियंत्रक को भेजे पत्र में कोरोना वायरस के प्रति भी सचेत किया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद् की सचिव नीना श्रीवास्तव ने केंद्र नियंत्रक एवं उपकेंद्र नियंत्रकों को भेजे पत्र में बताया है कि परिक्षक को खांसी जुकाम या बुखार होने की स्थिति में तुरंत हेल्पलाईन नंबर (18001805145) पर सूचित करने के निर्देश दिए है।
प्रदेश में कोरोना वायरस की महामारी फैलने की संभावना को देखते हुए एहतियात के तौर पर विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। अब आज से शुरू हो रहे मूल्यांकन कार्य को लेकर भी शासन ने उपकेंद्र नियंत्रकों के लिए गाइड लाईन जारी कर दी है। इसके अनुसार मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों के बीच कम से कम एक मीटर की दूरी रखने एवं कमरों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए केंद्रों पर हाथ धोने के लिए सेनेटाइजर और साबुन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मूल्यांकन के दौरान किसी परीक्षक में खांसी, जुकाम, बुखार, सांस फूलने आदि के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल हेल्पलाईन नंबर पर सूचना देने के निर्देश दिए गए है। साथ ही मूल्यांकन के दौरान केंद्रों पर किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा। नगर के श्री यमुना इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र के उपनियंत्रक प्रधानाचार्य जयपाल शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। सभी कमरों में सफाई करा दी गई है तथा परीक्षकों को साफ पानी एवं हाथ धोने के लिए साबुन की व्यवस्था कर दी गई है। मूल्यांकन के दौरान कोई बाहरी व्यक्ति केंद्र में प्रवेश न करें, इसके लिए पुलिस की व्यवस्था करा दी गई है।