बागपत की छपरौली विधानसभा सीट से बसपा ने टीकरी नगर पंचायत की चेयरपर्सन राजबाला चौधरी को मैदान में उतार है। यहां पर पहले पार्टी ने वकील चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया गया था।
सोमवार को कंकरखेड़ा क्षेत्र में आयोजित बैठक में बसपा के वेस्ट यूपी प्रभारी नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पार्टी पदाधिकारियाें के साथ मिशन 2017 पर चर्चा की। कहा कि इसी माह भाईचारा कमेटियों का गठन हो जाएगा।
सूची फाइनल हो गई है बस घोषणा बाकी है। सभी कमेटियां अपने अपने क्षेत्र में जाकर चुनाव के लिए पूरी ताकत लगा दें। इस मौके पर छपरौली विधानसभा क्षेत्र से बसपा ने नया उम्मीदवार मैदान में उतार दिया।
पहले वकील चौधरी को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन सोमवार को राजबाला चौधरी को छपरौली से उम्मीदवार घोषित कर दिया। यहां मुस्लिम दलित समीकरण पर पार्टी ने दांव लगाया था पर अब उसे बदलकर बसपा ने जाट दलित का समीकरण तैयार किया है।
विदित हो कि छपरौली सीट रालोद का गढ़ है। राजबाला कुख्यात सुनील राठी की मां हैं। सुनील दस साल से भी ज्यादा समय से जेल में है। इसके अलावा कार्यक्रम में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कोआर्डिनेटरों की समीक्षा की।
कहा कि कैडर वोटर तक जाने के लिए बसपाई पसीना बहाएं। बाद में उन्होंने सर्किट हाउस पर भी बसपाइयों के साथ बैठक की। इस मौके पर सतेंद्र सौलंकी, कुंवर दिलशाद, प्रदीप भारती, अश्वनी जाटव, हसीन यासीन, अहमद हमीद, सुनील वाधवा आदि मौजूद रहे।
उधर टीकरी की चेयरमैन राजबाला चौधरी का कहना है कि उनके पति का सपना विधानसभा चुनाव लड़ने का था। पति की हत्या के बाद वह उनके सपनों को साकार कर रही हैं। मजबूती से चुनाव लड़ जीत हासिल करेंगी।
बसपा के जिलाध्यक्ष जय कुमार जाटव ने कहा पार्टी हाईकमान ने काफी सोच समझकर ही छपरौली विधानसभा सीट के उम्मीदवार का फैसला लिया है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता हाईकमान के फैसले का सम्मान करता है।