बागपत। स्कूल चलो अभियान पर अब शासन स्तर से भी नजर रखी जाएगी और जिला स्तर पर मॉनीटरिंग सेल का गठन किया गया है। सेल में शामिल अधिकारी अब रोजाना शासन को रिपोर्ट भेजेंगे कि कितने बच्चों के नामांकन हुए हैं और कितने लोगों से संपर्क किया गया।
एक अप्रैल से स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत रैली निकालकर शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। शिक्षक भी घर-घर पहुंचकर बच्चों का नामांकन कराने की अपील कर रहे हैं। इसमें फर्जीवाड़ा न हो इसके लिए शासन स्तर से भी नजर रखी जा रही है और मॉनीटरिंग सेल का गठन किया गया है। अभियान के संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ संयुक्त रूप से विशेष नामांकन अभियान चलेंगे और उन्हें शासन को रिपोर्ट भेजनी होगी। इसके लिए प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक ट्रांजिशन रजिस्टर रखा जाएगा। ट्रांजिशन रजिस्टर में गत शैक्षिक सत्र में कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं का विवरण दर्ज होगा। विशेष अभियान के दौरान शिक्षकों की टीम घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करेगी। आठवीं, नौवीं, 10वीं और 11वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत नामांकन कक्षाओं में कराया जाएगा। बीएसए गीता चौधरी ने बताया कि शिक्षकों से रोजाना रिपोर्ट ली जा रही है और अधिक बच्चों का नामांकन कराने का प्रयास किया जा रहा।