बड़ौत। कोरोना संकट के बीच माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए तिथि निर्धारित कर दी गई है। 27 जून को परीक्षा परिणाम घोषित होगा। इस घोषणा से परीक्षार्थियों की धड़कने बढ़ गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओमदत्त ने बताया कि कोरोना संकट के चलते माध्यमिक शिक्षा परिषद की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य प्रभावित हो गया था। इस कारण गत वर्ष की अपेक्षा दो माह की देरी से परीक्षा परिणाम घोषित होने जा रहा है। 27 जून को हाईस्कूल और इंटर का एक साथ परीक्षा फल घोषित किया जाएगा। उधर, परीक्षाफल में एक दिन का समय रह गया है। इससे परीक्षार्थियों की धड़कन बढ़ने लगी है। हाईस्कूल के छात्र रितिक खोखर का कहना था कि वैसे परीक्षा तो काफी अच्छी हुई है। मगर, परीक्षा परिणाम आने को लेकर मन में एक अलग ही डर रहता है। हाईस्कूल के छात्र मुकुल चौहान का कहना है कि बोर्ड परीक्षा में पहली बार शामिल हुआ। परीक्षा काफी अच्छी हुई, लेकिन परिणाम घड़ी नजदीक आने पर डर सता रहा है। इंटरमीडिएट की छात्र अक्षय तोमर व सत्यम शर्मा का कहना है कि रिजल्ट को लेकर काफी नर्वस है। वैसे अच्छी तरह से परीक्षा दी है।
एक नजर में आंकड़े
हाईस्कूल पंजीकृत परीक्षार्थी 16049
हाईस्कूल अनुपस्थित परीक्षार्थी 142
इंटरमीडिएट पंजीकृत परीक्षार्थी 15820
इंटरमीडिएट अनुपस्थित परीक्षार्थी 216
ये रहा था गत वर्ष का रिजल्ट
हाईस्कूल का रिजल्ट 84.30 प्रतिशत
इंटरमीडिएट का रिजल्ट 80.76 प्रतिशत
श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज रहा था यूपी टॉपर
बड़ौत। वर्ष 2019 में श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज की इंटरमीडिएट की छात्रा तनु तोमर ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यूपी में प्रथम और छात्र युवराज ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथा स्थान प्राप्त किया था। प्रधानाचार्य राजीव तोमर ने बताया कि जनपद स्तर पर सात बच्चों ने टॉप टन में स्थान प्राप्त किया था। इसमें प्राची, खुशबू, गरिमा, सपना, साक्षी आदि छात्र शामिल थे।