स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में खेली गई बास्केटबाल प्रतियोगिता में रटौल की टीम ने खेकड़ा की टीम को 18 अंक से हराकर मैच जीता। बुधवार को एमएम इंटर कॉलेज के मैदान पर प्रतियोगिता का उद्घाटन उपप्रधानाचार्य राकेश कुमार और दिनेश शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान रटौल की टीम ने एमएम इंटर कॉलेज खेकड़ा की टीम को 12 अंक के मुकाबले 30 अंक लेकर 18 अंक से हरा दिया। अच्छे प्रदर्शन के आधार पर क्षेत्रीय बास्केटबाल टीम के लिए खिलाड़ी अंशुल जोन, साइमन पीटर, निम्मी, तिग्गा, अनमोल, अमर, निशांत, अमन आदि का चयन किया।
चयनित खिलाड़ियों की टीम आगामी 5 और 6 सितंबर को ग्राम शबगा स्थित कॉलेज में होने वाली जिला बास्केटबाल प्रतियोगिता में भाग लेगी। इस दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा प्रभारी राजेश गौड़, कोच जितेंद्र कौशिक, गजेंद्र शर्मा, समर कांत आदि मौजूद रहे।