अग्रवाल मंडी टटीरी। दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर सोमवार को रेल संपर्क में गड़बड़ी होने से पैसेंजर ट्रेन करीब 15 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रहीं। फाटक बंद होने के कारण मेरठ-बागपत हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं, आधा घंटे तक लोगों को फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ा।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक सतीश शर्मा ने बताया कि सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन सुबह साढ़े दस बजे स्टेशन पहुंची। यहां से ट्रेन दिल्ली रवाना होने लगी तो मार्ग संपर्क की सूचना में (रूट लो) गड़बड़ी हो गई। जिस कारण करीब 15 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। इसके दुरुस्त होने के बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। ट्रेन स्टेशन पर रुकी होने से मेरठ-बागपत मार्ग स्थित रेलवे फाटक बंद रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। करीब आधा घंटा बाद फाटक खुलने पर वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।