अग्रवाल मंडी टटीरी/ अमीनगर सराय/ रमाला/ चांदीनगर। लोकतंत्र के पर्व में गांवों की सरकार बनाने के लिए मतदाताओं में उत्साह रहा। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी-कतारें लगनी शुुुरू हो गई थी। वोट डालने के लिए मतदाताओं में अलग ही जोश दिखाई दिया। मतदान में युवा वर्ग से लेकर बुजुर्ग वर्ग के लोगों में उत्साह दिखाई दिया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए मतदान के दौरान मास्क अनिवार्य रहा। मतदान करने के लिए जाने वाले वोटरों के लिए बूथों पर थर्मल स्कैनिंग कराई गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी बूथों पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।
एक दो गांव में मतदान को लेकर थोड़ी कहासुनी हुई
अग्रवाल मंडी टटीरी। गांव की सरकार बनाने के लिए सोमवार को लोगों में उत्साह दिखा। युवा वर्ग से लेकर बुजुर्ग ने अपने मतदान का प्रयोग कर गांव में सरकार बनाने में सहयोग किया। क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण रहा। एक दो गांव में मतदान को लेकर थोड़ी कहासुनी हुई।
एक दो गांव को छोड़कर शांतिपूर्ण रहा मतदान
चांदीनगर। क्षेत्र में सोमवार को शांतिपूर्ण मतदान हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लाइनें लगी रही। हालांकि मतदान के दौरान क्षेत्र के गढ़ी कलंजरी, लहचौड़ा में फर्जी मतदान को प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मामूली झड़प हुई। इसके अलावा विनयपुर, डगरपुर, सिगौली तगा, सरफाबाद, ढिकौली, चमरावल, पांची, खैला, गौना, भगौट आदि गांवों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ।
वोटरों को बांटे मास्क, शांतिपूर्ण हुआ मतदान
अमीनगर सराय। क्षेत्र में सोमवार को हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण रहा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए बूथों पर मतदान के लिए पहुंचे वोटरों ने मास्क का प्रयोग किया। नंगला जाफराबाद में प्रधान पद के प्रत्याशी ने वोटरों को मास्क वितरित किए। मतदान को लेकर वोटरों में उत्साह दिखा। केंद्रों पर सुबह से ही वोटरों की लाइनें लगी रही।
अधिकारियों ने किया बूथों का निरीक्षण
रमाला। सोमवार को लोकतंत्र के पर्व में लोगों ने बढ़ चढ़कर अपनी भूमिका निभाई। एक ओर जहां मतदाताओं ने गांव की सरकार बनाने में आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाई, वहीं सुरक्षा के लिहाज से बूथों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बूथों का निरीक्षण कर सुरक्षा कर्मियों और मतदाताओं को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने के निर्देश दिए।