बड़ौत। नगर के जनता वैदिक कॉलेज की प्रबंध समिति की मंगलवार को एक बैठक हुई। जहां कॉलेज की करीब 96 बीघा जमीन पर मेडिकल कॉलेज बनाए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि बुधवार को यह प्रस्ताव छपरौली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा जाएगा।
बताया गया कि शासन के निर्देश पर कुछ दिनों पहले प्रशासनिक अधिकारी भी कॉलेज पहुंचे थे और उन्होंने कॉलेज की खाली भूमि का जायजा लेकर जानकारी भी ली थी। वहीं प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि यह मेडिकल कॉलेज 75 बीघा से अधिक जमीन पर बनाया जाना है,जबकि कॉलेज के पास 96 बीघा जमीन है। मेडिकल कॉलेज के प्रबंध समिति ने भूमि देने का निर्णय लेते हुए प्रस्ताव पारित किया है। छपरौली में बुधवार को चौधरी अजित सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे। यहां पर उनको यह प्रस्ताव सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत की तरफ से मेडिकल कॉलेज के लिए सात फरवरी को पत्र भी प्राप्त हुआ था। इसके बाद प्रबंध समिति के पदाधिकारी जयंत चौधरी से मिले थे और उन्हें दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग 709बी पर स्थित कॉलेज की भूमि का प्रस्ताव दिया था। इस मौके पर श्योदान सिंह, बुद्ध सिंह, प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. देवेंद्र पाल सिंह तोमर, डॉ. प्रताप चौधरी, डॉ. महक सिंह, सदस्य देवेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।