बागपत। फैजपुर निनाना गांव का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चार साल में ही जर्जर होने लगा है और यह कभी भी गिर सकता है। सीएमओ डॉ. तीरथलाल के निरीक्षण में इसकी पोल खुली और उन्होंने जांच कर केंद्र की हालत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कर जल्द ही शासन को रिपोर्ट भेजकर केंद्र की मरम्मत कराई जाएगी ताकि मरीजाें के जीवन को कोई खतरा न हो।
फैजपुर निनाना गांव में वर्ष 2019 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया गया था और वर्ष 2021 में केंद्र को हैंडओवर कर दिया था। लखनऊ टीम की जांच में केंद्र जर्जर होने की रिपोर्ट लगाई थी, लेकिन फिर भी इसको चालू कर दिया गया। अब चार साल में ही केंद्र गिरने की कगार पर पहुंच गया है और दीवारों में दरारें आ रही हैं तो छत से सिमेंट गिरना शुरू हो गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने निरीक्षण कर केंद्र के जर्जर होने की रिपोर्ट की थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को सीएमओ डाॅ. तीरथलाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र का निरीक्षण किया तो चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा केंद्र कभी नहीं देखा। चार साल में ही केंद्र की हालत खराब हो गई है और इससे मरीजों के जीवन में खतरा बना हुआ है। खराब निर्माण सामग्री के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जो मरीजों के लिए एक गंभीर खतरा है। स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है और जल्द ही इसकी रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। कहा कि ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। केंद्र की मरम्मत कराने का जल्द कार्य शुरू किया जाएगा। इस दौरान समाजसेवी रोहित धनकड़ ने भी केंद्र की मरम्मत कराने की मांग की।