दाहा (बागपत)। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि यदि किसान केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करते हैं तो उन्हें आतंकवादी व खालिस्तानी बताया जाता है जो गलत है। किसान आंदोलन देशहित में कर रहे हैं और जब तक केंद्र सरकार किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं करेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दूध का दाम 100 रुपये प्रति लीटर किया जाए।
दोघट में पहुंचे नरेश टिकैत ने कहा कि जब सरकार खाद, बीज के दाम बढ़ा रही है तो उन्हें दूध के दाम बढ़ाकर सौ रुपये प्रति लीटर करना चाहिए। ताकि किसान अपना गुजारा कर सकें। केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है और उनकी मांगे पूरी करने की तरफ ध्यान नहीं दे रही। किसानों की अनदेखी का खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से किसानों की फसल का सही दाम देने, खाद, पेट्रोल-डीजल, उर्वरकों के दाम कम करने, गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, किसानों का लोन माफ करने सहित अन्य मांगों को पूरा करने की तरफ ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार जगह-जगह पर हाईवे निकाल रही है, मगर किसानों को जमीन के दाम के अनुसार मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख कुलदीप तोमर उर्फ चीकू, पूर्व प्रधान धर्मेंद्र राठी, बिजेंद्र सिंह, कृष्णपाल, संजीव राठी, देवेंद्र राणा, नरेंद्र राठी, दीपक तोमर, विकास राणा मौजूद रहे।
- पुण्यतिथि पर हुआ यज्ञ
दोघट कस्बे में भाकियू नेता राजेंद्र चौधरी के पिता शिवकुमार की तीसरी पुण्य तिथि पर यज्ञ किया गया। आचार्य संजीव शास्त्री ने विधि विधान के साथ यज्ञ कराया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन पर प्रकाश डाला।