बड़ौत। सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता पर राशन की कालाबाजारी करने और चार माह से कार्ड धारकों को राशन न देने का आरोप लगाते हुए लोगों ने तहसील पहुंचकर हंगामा किया साथ ही तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
नगर के वार्ड आठ के कार्ड धारकों का आरोप है कि राशन डीलर पिछले चार माह से राशन वितरण नहीं कर रहा है। इसकी शिकायत आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कोरोना संक्रमण काल में राशन न मिलने से गरीबों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। जबकि प्रशासन दावे कर रहा है कि सभी कार्ड धारकों को नियमित रूप से राशन दिया जा रहा है। उन्होंने राशन डीलर पर राशन वितरण न करने और कालाबाजारी करने का भी आरोप लगाते हुए तहसीलदार प्रदीप कुमार को ज्ञापन साैंपा। इस अवसर पर कविता, बिमलेश, सोनिया देवी, सुल्तान, सुनीता, मोनिका, पारूल शामिल रही। उधर आपूर्ति विभाग के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विकास सिंह का कहना है कि राशन डीलर छुट्टी पर है और उसकी दुकान दूसरी राशन डीलर नीलम जैन के यहां अटैच है। सभी कार्डधारकों को नीलम जैन के यहां से ही राशन वितरित किया जाएगा।