बड़ौत (बागपत)। ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए सरकार ने प्रदेश में पाबंदियों का एलान कर दिया है। इसके पीछे इरादा न्यू ईयर से पहले बढ़ती भीड़ को रोकना है। इसलिए नाइट कर्फ्यू भी लागू कर दिया है। हालांकि लोगों का कहना है कि पहले अपना बचाव है। न्यू ईयर का जश्न तो अगली साल भी मना लेंगे। हालांकि इस बार कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने न्यू ईयर के जश्न को फीका कर दिया है।
विभिन्न देशों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने तेजी से पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। भारत में भी काफी तेजी से संक्रमण फैल रहा है। इसे लेकर वैज्ञानिकों ने चेतावनी भी जारी कर दी है। कोरोना की नई लहर से बचने के प्रयास में प्रदेश सरकार द्वारा कड़ी पाबंदियां लगाई जा रही हैं। एक साथ भीड़ एकत्र न हो इसके लिए सरकार ने रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है। रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक बेवजह सड़क पर निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश हैं। इसके साथ ही न्यू ईयर के जश्न पर भी रोक लगा दी है। ऐसे में 31 दिसंबर व एक जनवरी को होने वाले आयोजनों पर रोक रहेगी। इससे जश्न पर ओमिक्रॉन का ग्रहण लग गया है।
परिजनों के साथ जश्न मनाएंगे
विनीत मलिक का कहना है कि ओमिक्रॉन ने सपनों पर ग्रहण लगा दिया है। इस बार भी न्यू ईयर पर आयोजन नहीं कर सकेंगे। ऐसे में घरों में ही रहकर परिजनों के साथ नया साल मनाएंगे।
घर पर नए साल का स्वागत करेंगे
आशुतोष तोमर का कहना है कि पिछले साल से न्यू ईयर नहीं मना पा रहे हैं। सरकार ने पाबंदी लगा दी है ऐसे में कोई कार्यक्रम नहीं हो पाएंगे। हम घर पर ही परिवार के साथ नए साल का स्वागत करेंगे।
सही समय पर निर्णय
विकास कुमार का कहना है कि ओमिक्रॉन के वजह से रात्रि कालीन कर्फ्यू लगा दिया है। सही समय पर सही निर्णय है। इसे सख्ती से पालन कराने की जरूरत है। हर किसी को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करना चाहिए।
परिजनों के साथ खुशियां बांटेेंगे
सोनू तोमर का कहना है कि पिछली बार की तरह इस बार भी न्यू ईयर पर पाबंदी लगा दी गई है। इस बार भी घर व परिवार के बीच रहकर न्यू ईयर मनाकर खुशियां बांटेंगे।
आशुतोष तोमर।- फोटो : BARAUT
विनीत मलिक।- फोटो : BARAUT
विकास कुमार।- फोटो : BARAUT