ऊर्जा कर्मचारियों की हड़ताल से पूरे दिन दफ्तरों पर लटके रहे ताले
विद्युत आपूर्ति की हालत जानने को एसडीएम ने किया निरीक्षण
समस्या लेकर आए उपभोक्ताओं को उठानी पड़ी परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। विद्युत निगम के निजीकरण के विरोध मेें निगम के कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सोमवार को नगरीय व देहात क्षेत्र के बिजलीघरों पर ताले लटके रहे। उधर, विद्युत आपूर्ति की स्थिति जानने को एसडीएम ने निरीक्षण किया।
सोमवार को निजीकरण के विरोध में ऊर्जा निगम के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। एक्सईएन प्रथम कोताना रेाड, एक्सईएन द्वितीय बिजरौल रोड कार्यालय पर पूरे दिन ताला लटका रहा। वहीं, देहात क्षेत्र के बिजलीघरों में तैनात कर्मचारियों के एसई कार्यालय में धरने में शामिल होने के बाद क्षेत्र में संविदा कर्मियों के जिम्मे विद्युत आपूर्ति का काम रहा।
मायूस लौटे उपभोक्ता
बड़ौत। एक्सईएन प्रथम कार्यालय में बिल ठीक कराने पहुंचे जौनमाना गांव के उपभोक्ता प्रवीण, बिल जमा करने पर भी कनेक्शन काटने को लेकर पहुंचे उपभोक्ता दीपक व अन्य बिजली समस्याओं को लेकर बिजलीघरों पर पहुंचे उपभोक्ताओं को मायूस लौटना पड़ा।