लाभार्थियों को नहीं मिल रहा पुष्टाहार का राशन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सरकार ने कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों के लिए खाद्यान्न वितरण की योजना शुरू की थी। नवंबर 2020 में इसके लिए कोटेदारों के यहां राशन आया , लेकिन जिले में 39 कोटेदार ऐसे हैं, जिनके क्षेत्र में न तो आंगनबाड़ी केंद्र हैं और न ही महिला स्वयं सहायता समूह हैं। इस कारण खाद्यान्न का उठान और वितरण नहीं हुआ। यह राशन अभी भी कोटेदारों के यहां ही रखा है।
जिले में 405 कोटेदार हैं, इनमें 339 ग्रामीण क्षेत्र में और 66 कोटेदार नगरीय क्षेत्र में हैं। कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों को वितरित किया जाने वाले खाद्यान्न का उठान आंगनबाड़ी व स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कोटेदार की दुकान से करती हैं। नगरीय क्षेत्र के 27 कोटेदारों को 88 आंगनबाड़ी केंद्रों का खाद्यान्न आवंटित किया है। इसके अलावा जिले के नगरीय क्षेत्र में 39 ऐसे कोटेदारों को खाद्यान्न का आवंटन किया है, जिनके क्षेत्र में खाद्यान्न का वितरण करने के लिए न तो आंगनबाड़ी केंद्र हैं और न ही स्वयं सहायता समूह हैं। इस कारण इन कोटेदारों से बच्चों को वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न का उठान नहीं हो पा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी विपिन मैत्रेय ने बताया कि नवंबर माह में कोटेदारों के यहां राशन आया था। आंगनबाड़ी केंद्र व महिला स्वयं सहायता समूह न होने के कारण कई क्षेत्रों में राशन का उठान नहीं हुआ। वह राशन अभी तक कोटेदारों के यहां रखा है। शासन को पत्र लिखकर ऐसे कोटेदारों को राशन का आवंटन करने की मांग की है, जिनके क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र हैं।
केंद्र के अभाव में इन क्षेत्रों में नहीं हो रहा उठान
नपा और नगर पंचायत कोटेदार
बड़ौत 23
दोघट 04
टीकरी 04
छपरौली 04
अमीनगर सराय 04
कुल 39