बागपत। मेरठ जिले के किठौर क्षेत्र में कुछ दिन पहले हुई डकैती की घटना में लूटे गए जेवर बरामद करने के लिए पुलिस ने बड़ा बाजार में सराफ की दुकान पर छापामारी की। इस दौरान वहां आए व्यापारियों ने पुलिस की छापामारी का विरोध किया। पुलिस ने बागपत के बड़ा बाजार और पुराना कस्बे के दो सराफ से जेवर बरामद किए हैं।
किठौर क्षेत्र में कुछ दिन पहले बदमाशों ने एक मकान में डकैती की घटना को अंजाम दिया और वहां से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटकर ले गए। पुलिस ने जांच शुरू की तो डकैती की घटना में लोनी का बदमाश शामिल मिला।
पुलिस को यह भी पता चला कि बदमाश ने सोने-चांदी के जेवर अपनी भाभी को दे दिए, जो बागपत शहर में रहती है। बदमाश की भाभी ने जेवर बागपत के बड़ा बाजार में सराफ को बेच दिए। इसके चलते बृहस्पतिवार शाम मेरठ से सीओ के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की टीम बागपत पहुंची और बड़ा बाजार में छापामारी की। वहां पर सराफ से पूछताछ भी की गई।
इसमें एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि डकैती में लूटे गए जेवर बरामद करने के लिए मेरठ पुलिस आई है। जेवर बरामद कर लिए हैं।