संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। हापुड़ जिले के बड़ोदरा सैनी गांव के साहिब ने दरोगा पर विवेचना के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया। इसमें शिकायतकर्ता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
साहिब ने बताया कि एक माह पहले उसने न्यायालय के आदेश पर भैंस के रुपयों के लेनदेन के विवाद में रमाला के महिपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसकी जांच एक दरोगा को सौंप दी गई थी। आरोप लगाया कि एक सप्ताह पहले दरोगा ने किशनपुर बराल बस अड्डे पर उसे बुलाकर विवेचना के नाम पर दस हजार रुपये मांगे।
उस पर दबाव बनाकर सात हजार रुपये वसूल लिए गए, जबकि तीन हजार बाद में देना तय हुआ। आरोप लगाया कि रुपये लेने के बाद भी दरोगा ने उसके पक्ष में विवेचना नहीं की। इस मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच शुरू कर दी गई है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।