बागपत। बड़ौत के युवक नफीस की हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ में राजमिस्त्री दिलशाद समेत दो लोगों को पकड़ा है। पुलिस का दावा है कि दिलशाद का नफीस की पत्नी से अवैध संबंध थे। पता चलने पर नफीस इसका विरोध करने लगा था। रास्ते से हटाने के लिए दिलशाद ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या की है।
एएसपी अजीजुल हक ने प्रेसवार्ता में बताया कि मंगलवार को बड़ौत के पीएन शर्मा पार्क के तिराहे के पास सूचना पर दो लोगों को बड़ौत पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करने हुए भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उनको पकड़ लिया था। आरोपियों ने खुद को इनाम पुत्र मो. रफीक और राजमिस्त्री दिलशाद पुत्र बगढूद्दीन निवासी किशनपुर बराल बताया। दोनों आरोपियों ने बड़ौत के ही युवक नफीस की हत्या की थी। पूछताछ करने पर आरोपी राजमिस्त्री दिलशाद ने बताया कि उसका नफीस के घर पर आना-जाना हो गया था। इसका पता नफीस को चल गया था। नफीस अपनी पत्नी और उससे झगड़ा करने लगा था। नफीस की पत्नी ने उससे कहा कि उसके पति को मार दो, उसके बाद उनको कोई परेशान नहीं करेगा। उसने अपने दोस्त इनाम से नफीस की हत्या करने की बात की। फिर इनाम के साथ मिलकर नफीस को मौत के घाट उतार दिया। एएसपी का कहना है कि आरोपियों के पास से हत्या के प्रयुक्त लोहे की रॉड के अलावा दो तमंचे और चार कारतूस बरामद हुए हैं।
दोस्त को दी थी सुपारी
पकड़े गए आरोपी इनाम ने बताया कि नफीस को अपनी पत्नी के दिलशाद से अवैध संबंधों का पता चला गया था। नफीस ने उससे दिलशाद की हत्या करने की बात कही। उसकी दिलशाद से दोस्ती है और गांव का है। इसलिए उसने यह बात दिलशाद को बता दी थी। दिलशाद ने नफीस की उससे हत्या करने के लिए कहा। इसका सौदा 30 हजार में हुआ। 7 दिसंबर को नफीस को पहले किशनपुर बराल ले गया। वहां पर उसे शराब पिलाई। बाद में बड़ौत में पशु पैठ के पास लाकर उसको और शराब पिलाई। उसके बाद उसकी दिलशाद के साथ मिलकर हत्या कर दी। शव को वहां पर ही छोड़कर चले गए थे।
दिलशाद ने हाथ पकड़े, इनाम ने रॉड से प्रहार किया
दिलशाद ने बताया कि उसने नशे की हालत में नफीस के हाथ पकड़े तथा उसके साथी इनाम ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार किया। इससे उसकी मौत हो गई। आरोपी इनाम कपड़ों की फेरी लगाता है, जबकि दिलशाद राजमिस्त्री है।