बागपत। मध्यप्रदेश के मजदूरों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से पुलिस ने वापस गांव के लिए भेज दिया। तेज धूप में पैदल चलने के कारण मजदूरों की हालत खराब हुई तो सिसाना गांव के लोगों ने मदद के लिए आगे हाथ बढ़ाए।
कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में किसान के यहां ईख की कटाई कर रहे मध्यप्रदेश के निवासी राहुल, कमलेश, नरेश, छोटू, मैनेजर, अजय ने बताया कि वे लोग कई माह से बिहारीपुर गंाव में अलग-अलग किसानों के खेतों में मजदूरी पर ईख की कटाई कर रहे है। काम खत्म होने पर दूसरा कोई रोजगार नहीं मिल रहा था। मंगलवार को सुबह नौ बजे बिहारीपुर गंाव से पैदल ईस्टर्न पेरिफेरल के लिए छह साथियों के साथ मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुए तो पुलिस ने पेरिफेरल एक्सप्रेस पर रोक लिया और वापस गांव के लिए भेज दिया। काफी गुहार लगाने के लिए कहा तो पुलिस ने फटकार लगा दी। इससे मायूस होकर सभी मजदूर बिहारीपुर गांव के लिए वापस निकल गए। पैदल चलते चलते सिसाना गांव में गर्मी के कारण मजदूरों की हालत खराब हो गई। गंाव वालों ने पानी पिलाया व खाना दिया। इसके बाद सभी मजदूर रवाना हो गए।