बागपत। जिले में गर्मी झुलसाने लगी है और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लगातार चल रही लू और तेज धूप ने लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित किया है। हालांकि, मौसम विभाग ने मंगलवार से मौसम में बदलाव और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई है।
गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लोग आवश्यक काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सुबह 10 बजे के बाद से ही गर्म हवाओं का असर बढ़ने लगता है। यह स्थिति शाम तक लोगों को बेहाल किए हुए है। बीते कई दिनों से लगातार चल रही लू ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह बदल दिया है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 30 अप्रैल के बीच मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। यह बदलाव लोगों को मौजूदा भीषण गर्मी से बड़ी राहत देगा।
दस से पंद्रह गिलास पानी पिएं : गर्मी के मौसम में सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। डिप्टी सीएमओ डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि दिनभर में दस से पंद्रह गिलास पानी पिएं। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ जैसे तरल पदार्थ पीते रहें। प्यास लगने का इंतजार किए बिना थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें। खीरा, ककड़ी, तरबूज जैसे मौसमी फल खाएं। दोपहर में धूप में निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो चेहरा ढककर और धूप का चश्मा लगाकर निकलें, साथ ही सन स्क्रीन का प्रयोग करें।