खेकड़ा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोतवाली पुलिस के साथ खेकड़ा नगर और जिला जेल में कोरोना पाजिटिव पाए गए बंदी की बैरक में 25 बंदियों के जांच के लिए सैंपल लिए और कोविड - 19 अस्पताल में भर्ती 19 मरीजों और उनकी देखभाल में लगे 19 स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। साथ ही भगोट गांव में 100 से अधिक ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की। टीम ने 63 सैंपल लेकर जांच को भेजे।
खेकड़ा नगर में स्थित कोविड - 19 अस्पताल में 50 से अधिक कोरोना मरीज भर्ती हैं। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों में से 19 मरीजों और इनकी देखभाल में लगे चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की टीम के 19 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए। इसके बाद टीम जिला जेल में पहुंची। टीम ने जिला जेल में कोरोना पाजिटिव मिले बागपत निवासी बंदी की बैरक के 25 बंदियों के सैंपल लेने के साथ ही 26 बंदियों की स्क्रीनिंग कर उन्हें कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी दी। बैरक नंबर 23 में कोरोना पाजिटिव मरीज के साथ 51 बंदी बंद थे।
टीम के सदस्य दोपहर के समय क्षेत्र के गांव भगोट में पहुंची। वहां टीम को दिल्ली पुलिस का एक कांस्टेबल कोरोना पॉजिटिव मिला है। टीम ने पाजिटिव मिले पुलिस कर्मी के परिजनों और पड़ोस के 100 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कर उन्हें होम क्वारंटीन कराया। सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. ताहिर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला जेल और कोविड -19 अस्पताल से 63 सैंपल लिए हैं। सभी सैंपलों को जांच के लिए भेजा है।