बागपत जिले में इस बार आठ ग्राम पंचायतों में पहली बार सरकार बनेगी। नई बनी आठ ग्राम पंचायतों के साथ जिले की ग्राम पंचायतों की संख्या इस बार 245 हो चुकी है। नई ग्राम पंचायतों में पहली बार अलग प्रधान बनाने को लेकर खासा जोश है।
जिले में अब तक 237 ग्राम पंचायतें थीं। इस बार नई बनी आठ ग्राम पंचायतों के साथ ग्राम पंचायतों की कुल संख्या 245 हो गई है। नई बनी ग्राम पंचायतों में पहली बार अलग प्रधान बनाने को लेकर लोगों की तैयारी है। इन गांवों में फतेहपुर, नवादा, माल माजरा, शाहजहांपुर, अब्दुल्लापुर मेवला, रहतना, दादरी और खपराना शामिल हैं।
इन गांवों के लोग अपना अलग प्रधान बनाने को लेकर खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं। ग्राम माल माजरा के धनपाल ने बताया कि इस बार तो गांव के लोगों को मौका मिल रहा है प्रधानी के लिए उठने का। अलग प्रधान होगा तो गांव में कुछ काम हो सकेगा।
गांव के सतपाल कहते हैं कि काम तो पहले भी होता रहा, लेकिन तब कुछ कम था, अब प्रधान का पूरा ध्यान गांव पर ही रहेगा। नवादा के अमीर कहते हैं कि अब गांव की अपनी अलग पहचान हो गई है। अलग प्रधान बनेगा तो गांव के लिए अलग से बजट मिलेगा, अच्छा विकास होगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी दयाराम का कहना है कि नए बने गांवों के गठन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब इनमें अलग से प्रधान बनेंगे। सभी ग्राम पंचायतों के साथ इन ग्राम पंचायतों में भी चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।