- जिला अस्पताल की इमरजेंसी को गुब्बारों से सजाया गया
- सरकारी कार्यालयों में चला दावत का दौर, खुशियां मनाई
- सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे को दी गई नए साल की बधाई
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। नए साल के पहले दिन को लोगों ने अपने-अपने तरीके से सेलिब्रेट किया। सुबह जल्द ही उठकर मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। बड़ौत के पंचवटी मंदिर, पंचमुखी मंदिर व रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित मां दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पंचवटी मंदिर के पुजारी पंडित कुंदन भारद्वाज ने बताया कि श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। नई सुबह नए संकल्प लिए गए। ठंड और कोहरे के कारण लोग देर तक घरों में ही रहे। दावतों का दौर भी चला। सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं दी गई। सरकारी कार्यालयों में उत्साह का संचार नजर आया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी को गुब्बारों से सजाया गया था। स्वास्थ्य कर्मचारी उत्साहित दिखे और मरीजों का बेहतर तरीके से ख्याल रखने का संकल्प भी लिया गया। विकास भवन में कर्मचारियों ने पुराने कार्य निपटाने को प्राथमिकता दी। डीआईओएस और बीएसए कार्यालय में भी कर्मचारी पेंडिंग कार्य निपटाने में लगे रहे।
दोस्तों संग उठाई गई दावतें
बागपत। नए साल के पहले दिन जिले के रेस्टोरेंटों में खूब चहल-पहल रही। दोस्तों संग दावतें उड़ाई गई। दुकानों पर साल 2021 के स्वागत के बैनर और होर्डिंग भी लगाए गए।
कहीं मिले कर्मचारी और कहीं थे इधर से उधर
बड़ौत। नववर्ष पर सरकारी कार्यालयों पर सन्नाटा छाया रहा। ब्लाक मुख्यालय पर सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर बीडीओ राहुल वर्मा मौजूद मिले, जो बाद में डीएम कार्यालय पर होने वाली मीटिंग में शामिल होने के लिए बागपत रवाना हो गए। इसके अलावा एडीओ पंचायत सुधीर तोमर, एडीओ समाज कल्याण सुधीर पंवार, क्लर्क नीरज, जेई सुनील सोलंकी, हेड क्लर्क राजकुमार मौजूद रहे। दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर सिंचाई विभाग कार्यालय में कर्मचारी मौजूद नही थे। उनकी कुर्सियां खाली पड़ हुई थी।
नववर्ष पर खूब हुआ कारोबार, व्यापारियों के चेहरे खिलें
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित होंडा व बजाज शोरूम के मालिक अरुण तोमर ने बताया कि नववर्ष पर सुबह से ही ग्राहकों की वाहन खरीदने को लेकर भीड़ उमड़ पड़ी थी। बताया कि नववर्ष पर होंडा के 30 व बजाज के 40 वाहनों की ब्रिकी हुई। अच्छा कारोबार हुआ। सराफ सौरभ जैन व प्रभात जैन ने बताया कि नगर में छोटी-बड़ी तकरीबन 160 से 70 दुकानें है, जिन पर अच्छा कारोबार हुआ। गिफ्ट ग्लैरी संचालक कमल जैन ने बताया कि नववर्ष की बधाइयां देने के लिए ग्राहकों ने गिफ्ट खरीदें। अच्छा कारोबार हुआ।
जनता के बीच पहुंचे जनप्रतिनिधि
बागपत। नए साल के पहले दिन जनप्रतिनिधि भी जनता के बीच पहुंचे। सांसद डॉ सत्यपाल सिंह, विधायक योगेश धामा, विधायक केपी मलिक चौगामा क्षेत्र में किसानों के बीच पहुंचे। विधायक योगेश धामा ने जिला पंचायत में भी किसानों की समस्या सुनीं। इसके अलावा काठा, मवी कलां में भ्रमण किया।