बागपत के खेकड़ा में दिल्ली की फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी से शाम के समय बाइक सवार तीन हथियार बंद बदमाश तमंचों और चाकू की नोंक पर सवा लाख रुपये लूटकर और विरोध करने पर मारपीट कर भाग गए। पीड़ित ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। एसपी ने घटना स्थल पर पहुंच लूट की घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
दिल्ली करावल नगर स्थित एसकेएस माइक्रो फाइनेंस कंपनी में भरतपुर राजस्थान निवासी प्रेम दयाल वसूली का कार्य करता है। जो खेकड़ा के साथ ही क्षेत्र के ग्राम मुबारिकपुर, फिरोजपुर, निरोजपुर आदि गांवों से वसूली का कार्य करता है। बुधवार को वह क्षेत्र के ग्राम निरोजपुर से वसूली करने के बाद शाम करीब पांच बजे करावल नगर दिल्ली के लिए बाइक पर सवार होकर चला। जब वह रटौल निरोजपुर तिराहे पर पहुंचा तभी बाइक पर सवार तमंचे और चाकू से लैस तीन बदमाशों ने उसे रोका और जान से मारने की धमकी देते हुए उससे सवा लाख रुपये लूट लिये। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की और भाग गए।
पीड़ित की सूचना पर पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि, थाना प्रभारी अनुराधा सिंघल पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित प्रेम दयाल से घटना की जानकारी की। पीड़ित ने देर रात्रि थाने पर अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
थाना प्रभारी अनुराधा सिंघल ने कहा लूटपाट के समय घटना स्थल के आस पास खेतों में किसान कार्य कर रहे थे। उन्होंने लूटपाट की घटना अथवा मारपीट शोर शराबा होने के बारे में स्पष्ट इंकार किया है। इससे लूट की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है।