बागपत में बिजलीघर में आए फाल्ट को दुरुस्त करने के कारण दूसरे दिन भी नगर की बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी आपूर्ति ठप रहने की संभावना है।
शहर और आसपास के गांवों को सप्लाई देने वाले 132 केवी के बिजलीघर की मशीनों में हुए फाल्ट ने दो दिन की बिजली उड़ा दी। इन मशीनों के फाल्ट ठीक करने का काम रविवार से शुरू हुआ, जो सोमवार को भी जारी रहा। इससे सोमवार को सुबह से रात तक बिजली की आपूर्ति ठप रही।
सुबह 11 बजे बिजली की सप्लाई काटी गई, लेकिन रात आठ बजे तक भी सप्लाई सुचारु नहीं की गई। शहर में न पानी की सप्लाई हो सकी और न ही लोगों के लघु उद्योग चल सके। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों के इनवर्टर तक बंद हो गए। रात आठ बजे के बाद बिजली की आपूर्ति सुचारु हो सकी।
तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता देशराज सिंह सोनी ने बताया कि बिजलीघर की दो बड़ी मशीनों में फाल्ट आ गया था। इस कारण बिजली की आपूर्ति ठप रही। रात 8 बजे एक फीडर को शुरू करा दिया गया है। शेष फीडरों को शुरू कराने के लिए बिजलीघर में काम चल रहा है। शेष को भी शीघ्र ही शुरू करा दिया जाएगा।