बागपत। कांवड़ यात्रा और पुरा महादेव मंदिर पर लगने वाले चार दिवसीय मेले के लिए जिला तीन सुपर जोन, आठ जोन और 30 सेक्टरों में बांटा गया है। इसमें तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। पुरा मंदिर परिसर में चार लेयर में सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे, जिनमें अर्धसैनिक बल के जवान भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से कांवड़ मार्गों पर नजर रखी जाएगी।
ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर पर 21 से 24 जुलाई तक चार दिवसीय श्रावणी मेला लगेगा, इसमें हरिद्वार, गोमुख से कांवड़ लेकर आने वाले 20 लाख से अधिक कांवड़िये भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करेंगे। इसके अलावा एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु बागपत जिले के अलग-अलग मार्गों से अपने गंतव्य की तरफ रवाना होंगे, जिनके जिले में 11 जुलाई से पहुंचने की संभावना है।
जिले में कांवड़ यात्रा और चार दिवसीय श्रावणी मेला शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने तैयारी शुरू कर दी और मंडल स्तरीय अफसर भी तैयारियों पर पूरा फोकस रख रहे है।
इसके चलते 11 जुलाई से जिले में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा और 21 से 24 तक चलने वाले श्रावणी मेले को लेकर तीन सुपर जोन, आठ जोन, 30 सेक्टरों, 31 सब सेक्टर, 66 कांवड़ मोबाइल, 4 बैरियर ड्यूटी लगाई गई है।
-
पांच एएसपी और 17 सीओ संभालेंगे जिम्मेदारी
कांवड़ मेले को लेकर दूसरे जनपदों के पुलिस अफसरों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इसमें कांवड़ यात्रा और पुरा मेले में एक एसपी, पांच एएसपी, 17 सीओ, 75 इंस्पेक्टर, 325 दरोगा, 70 महिला दरोगा, 620 हेड कांस्टेबल, 70 महिला हेड कांस्टेबल, 545 कांस्टेबल और 160 महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे।
-
यातायात पुलिस के तीन इंस्पेक्टर संभालेंगे व्यवस्था
कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में रूट डायवर्जन भी किया जाएगा। इसके अलाव पुरा महादेव मेले में भी यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। इसके लिए यातायात पुलिस के एक इंस्पेक्टर, 22 दरोगा, 40 हेड कांस्टेबल, 66 कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे।
अग्निशमन विभाग भी रहेगा अलर्ट
कांवड़ मेले को लेकर अग्निशमन विभाग भी पूरी तरह अलर्ट रहेंगा। अग्निशमन विभाग के अफसर मेला परिसर में लगने वाली दुकानों पर अग्निशमन यंत्रों की जांच भी करेंगे। इसके अलावा भंडारों आदि में भी व्यवस्था देखेंगे। इसके लिए छह एफएसएसओ, 12 एफएस डीआर, 12 एलएफएम, 52 फायरमैन तैनात किए जाएंगे।
वर्जन-
कांवड़ यात्रा और श्रावणी मेले में तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए दूसरे जनपदों से पुलिसबल मंगाया गया है। इस दौरान जिला तीन सुपर जोन, 30 सेक्टरों में बंटा गया है। पहली बार 66 कांवड़ मोबाइल लगाई गई है। पुलिस कर्मी अपनी बाइक लेकर गश्त करेंगे और कांवड़ियों को कोई परेशानी होने पर उनकी मदद करेंगे। - एनपी सिंह, एएसपी