बादल फटने से पहले ही निकले थे बागपत के श्रद्धालु
बागपत/बिनौली। अमरनाथ गुफा पर बादल फटने से पहले ही बागपत के कई श्रद्धालु निकले थे। उनको गुफा से कुछ दूर नीचे आने पर बादल फटने का पता चला। उनके परिवार वालों की चिंता उनसे बात करने के बाद दूर हुई। वहां कई श्रद्धालु फंसे हुए हैं और वह रास्ते में टेंट लगाकर समय बिता रहे हैं।
बागपत के ठाकुरद्वारा में रहने वाले नगर पालिका सभासद विकास शर्मा, बड़ौत के मेडिकल स्टोर संचालक प्रदीप शर्मा समेत दस से ज्यादा लोग अमरनाथ यात्रा पर गए थे। सभासद विकास शर्मा ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह बाबा बर्फानी के दर्शन करने के बाद अमरनाथ गुफा से कुछ दूर नीचे आए थे। तब उनको सूचना मिली कि वहां बादल फट गया है और उसमें कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। उनके परिवार वालों की चिंता बढ़ गई थी, जिनसे किसी तरह बातचीत करके अपने ठीक होने के बारे में बताया।
बिनौली के सुनील शर्मा चार जुलाई को अमरनाथ यात्रा के लिए गए थे। उन्होंने आठ जुलाई को अपनी यात्रा बालटाल से शुरू की और वह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे गुफा से कुछ दूर पहले आराम करने के लिए टेंट लिया था। तभी उनको करीब साढ़े पांच बजे सूचना मिली तो उनको अभी वहीं रुकने को कहा गया है। इस तरह वह फिलहाल गुफा से कुछ दूर पहले फंसे हुए हैं। उनकी पत्नी ममता शर्मा ने बताया कि पति से बात हुई है, वह ठीक हैं।
--
भंडारे में कई जिलों के लोग कर रहे सेवा
अग्रवाल मंडी टटीरी के समाजसेवी राजीव गोयल लगातार अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भंडारे का आयोजन कर रहे है। राजीव गोयल के भाई अंकुर गोयल ने बताया कि बालटाल में कोई परेशानी नहीं है और भाई से कई बार बात हो चुकी है। बताया कि 25 जून से यात्रियों के लिए भंडारा चल रहा है और भंडारे में अग्रवाल मंडी टटीरी, बड़ौत, शामली समेत आसपास के क्षेत्र के 47 लोग काम कर रहे हैं। वहां श्रद्धालुओं की खूब सेवा की जा रही है।