डेंगू ने जिले में पांव पसार लिया है। मोहल्ला विजय नगर निवासी हाईस्कूल की छात्रा की दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने छात्रा की डेंगू से मौत होने की बात कही है। उधर, ग्राम बंदपुर निवासी छात्र में डेंगू की पुष्टि होने पर दिल्ली के सेंट स्टीफन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नगर क्षेत्र में वायरल एवं मलेरिया के साथ डेंगू के केस भी सामने आने लगे हैं। जानलेवा बुखार की चपेट में आकर अब तक कई लोगों की मौतें हो चुकी है। विजय नगर मोहल्ले के पूर्व पोस्टमास्टर रामकिशन की पौत्री पारुल पुत्री विनोद हाईस्कूल की छात्रा थी, जिसको करीब दस दिनों से बुखार आ रहा था।
उसका स्थानीय चिकित्सकों के उपचार के बाद डेंगू की पुष्टि होने के बाद दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी तीन दिन से हालत नाजुक होती चली गई, जहां मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक चिकित्सकों ने बताया है कि छात्रा की मौत डेंगू से हुई है।
छात्रा की मौत के चलते परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बेटी की मौत से लोग गमजदा थे। शाम को गमगीन माहौल में छात्रा के शव का अंतिम संस्कार का दिया गया।
इसके अलावा क्षेत्र के ग्राम बंदपुर में डेंगू के चलते कक्षा तीन में पढ़ने वाले नौ वर्षीय मुकुल पुत्र प्रदीप को मंगलवार शाम दिल्ली के सेंट स्टीफन में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जाती है। छात्र के पिता प्रदीप ने बताया कि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसके पुत्र को डेंगू से पीड़ित बताया है। डेंगू के मामले सामने आने से लोगों में दहशत है।