बागपत। पूंजी की कमी से जूझ रहे यस बैंक की बागपत शाखा पर दूसरे दिन भी ग्राहक रुपये निकालने पहुंचे। एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात कर दी गई। लोगों को भरोसा दिलाया गया कि उनके रुपये पूरी तरह सुरक्षित हैं।
दिल्ली रोड स्थित यस बैंक शाखा में सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। कार्यवाहक शाखा प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि लोगों को भरोसा दिलाया गया है कि किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करने दिया जाएगा। लोगों के रुपये बैंक मेें पूरी तरह सुरक्षित हैं। जो लोग रुपये निकालने के लिए पहुंचे, उन्हें नियमानुसार भुगतान किया गया है। शाम तक करीब 60 उपभोक्ताओं को रुपये दिए गए। शाखा में 13 सौ लोगों के बैंक खाते हैं। उधर, खेकड़ा शहर स्थित यस बैंक शाखा में शनिवार को भी खातों से धनराशि निकालने, एफडी तुड़वाने और चेक क्लीयर कराने को लेकर दिन भर भीड़ लगी रही। 50 हजार रुपये से अधिक निकालने को लेकर शाखा प्रबंधक ब्रिजेश कुमार ने असमर्थता जता दी। इसके बाद अनेकों खाता धारक 50-50 हजार रुपये लेकर लौट गए। पुलिस बल तैनात रहा।