बागपत के अमीनगर सराय में ईद-उल-फितर पर गौसपुर गांव की ईदगाह में नमाज के दौरान ईद की नमाज पढ़ाने को लेकर लोग आमने-सामने आ गए। कुछ लोगों ने जमा मस्जिद के इमाम से नमाज पढ़ने से मना कर दिया तो कुछ ने छोटी मस्जिद के इमाम से। इसको लेकर वहां हंगामा हो गया। इससे वहां टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बाद में पुलिस के अफसरों ने हस्तक्षेप करके विवाद को शांत कराया।
आरोप है गौसपुर गांव की एक मस्जिद के इमाम ने एक बच्ची के साथ पिछले दिनों अश्लील हरकतें की थी। नाराज ग्रामीणों ने आरोपी इमाम को मस्जिद से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। अब उस मस्जिद में दूसरा इमाम आ चुका है। बृहस्पतिवार को ईद-उल-फितर के मद्देनजर ईदगाह पर ईद की नमाज (दुकाना) की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जाहिर कर दी।
उनका आरोप था कि यह इमाम भी उसी क्षेत्र का ही रहने वाला है, जहां के इमाम ने बच्ची से अश्लील हरकतें की थी। उन्होंने उस इमाम से दुकाना पढ़ने से साफ इंकार कर दिया। जब कि कुछ लोगों ने दूसरी मस्जिद के इमाम से दुकाना पढ़ने से मना कर दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हो गई। इससे वहां टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहां पर तैनात पुलिस वालों ने अपने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
तभी सिंघावली अहीर थाना प्रभारी ने वहां पर पहुंचकर उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में दोनों मस्जिद के इमाम ने लोगों को दुकाना पढ़ाया।
थाना प्रभारी चंद्रकांत पांडेय नेकहा दुकाना पढ़ने को लेकर लोगों में मनमुटाव हो गया था। बाद में लोगों को अलग-अलग इमाम से दुकाना पढ़वा दिया गया था।