- पुराना कसबा और गायत्रीपुरम के लोगों ने की डिवाइडर में कट दिए जाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर चल रहे डिवाइडर निर्माण का कार्य को पुराना कसबा और गायत्रीपुरम के लोगों ने बुधवार को रुकवा दिया। क्षेत्रवासियों ने कॉलोनी के सामने कट दिए जाने की मांग रखी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। इसे लेकर नोकझोंक भी हुई। पुलिस के आश्वासन पर नागरिक लौट गए।
पुराना कसबा और गायत्रीपुरम के लोग एक माह से डिवाइडर में कट दिए जाने की मांग करते आ रहे हैं। बुधवार को जैसे ही कर्मचारी डिवाइडर का निर्माण करने पहुंचे तो नागरिकों ने विरोध शुरू कर दिया। हंगामा करते हुए निर्माण रुकवा दिया। पुराना कसबा चौकी से पुलिस और ठेकेदार कंपनी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। नागरिकों का कहना था कि उन्हें रोजाना सुबह-शाम हाईवे पार कर अपने खेतों में जाना पड़ता है। कट नहीं मिलने के कारण करीब एक किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे हाईवे पर हादसे का खतरा भी बन जाएगा। आमजन और किसानों के हित में हाईवे पर कट दिया जाए। पुलिस ने नागरिकों को समझा बुझाकर शांत किया और समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। नागरिकों ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान नहीं निकला तो आंदोलन करेंगे।
उधर, ठेकेदार कंपनी का कहना है कि बाहरी बस्ती में कट का प्रावधान नहीं है। इस कारण कट नहीं दिया जा सकता। प्रदर्शन करने वालों में धर्मवीर सिंह, बंटी, जितेंद्र कुमार, डॉ ललित कुमार, अनिल कुमार, राजू, राशिद, विनोद कुमार, यासीन अली, अमीलाल, आबिद, बिलाल मौजूद रहे।