बागपत, अमीनगर सराय। कस्बे में हिसावदा मार्ग पर बुधवार को रक्तदान शिविर लगाया गया। जहां एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने नर्सिंग होम में हंगामा कर डीएम और सीएमओ से शिकायत कर दी। पिलाना सीएचसी के चिकित्सक ने वहां पहुंचकर जांच की तो पैथोलॉजिस्ट नहीं मिला।
कस्बे में मुकुट नर्सिंग होम में लगाए गए रक्तदान शिविर में पूठड़ निवासी मनीष यादव रक्तदान करने के लिए आया था। उसकी वहां हालत खराब हो गई तो चिकित्सक ने उसे आराम करने के लिए कहा था। वह जाते हुए सीढि़यों से गिरकर घायल हो गया तो परिजनों को इस बारे में सूचना दी। वहां पहुंचे परिजनों ने हंगामा किया। बताया गया कि वहां 18 जुलाई को रक्तदान शिविर लगना था, मगर एक दिन पहले ही शिविर लगा दिया।
उन्होंने डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह और सीएमओ डॉ. महावीर सिंह से शिकायत की। जिससे पिलाना सीएचसी के चिकित्सक डाॅ. रवि शंकर जांच करने के लिए पहुंचे। डॉ. रवि शंकर ने बताया कि रक्तदान शिविर में पैथोलॉजिस्ट और इमरजेंसी ट्रे की सुविधा नहीं मिली। वह अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपेंगे। वहीं नर्सिंग होम के संचालक डाॅ. मुकुट वर्मा ने बताया कि शिविर में ब्लड बैंक की टीम आई हुई थी। जिस तरह की बात कही जा रही है, वह गलत है।