गुफा वाले बाबा के मंदिर में पूजा के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। होली से पहले रविवार को गुफा बाबा मंदिर में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से शाम तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर मत्था टेक मन्नतें मांगी। पूरे दिन मंदिर जयकारों से गूंजता रहा। इस दौरान मंदिर परिसर समेत आसपास भी प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए ।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सरुरपुर गांव के पास स्थित गुफा बाबा मंदिर में होली पर दूर दराज से श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इसी के मद्देनजर रविवार को सुबह चार बजे से ही मंदिर में भक्तों का आवागमन शुरू हो गया। जैसे-जैसे दिन निकलता गया मंदिर में भक्तों की भीड़ बढ़ती चली गई।
शाम तक यहीं सिलसिला जारी रहा। भक्त घंटों लाइन में खड़े रहे। एलआईयू रिपोर्ट के मुताबिक मंदिर में एक लाख से अधिक भक्तों ने प्रसाद चढ़ाया और मन्नतें मांगी। दिल्ली के सागरपुर निवासी 75 वर्षीय महिला राजेंद्री ने कहा वह बाबा के दर पर पिछले दस साल से आ रही है। बाबा ने उनकी हर मुराद पूरी की है।
इसी तरह सोनीपत निवासी रेखा रानी ने कहा उसने बाबा से अपने बेटे की नौकरी की मन्नत मांगी थी। बाबा ने उनकी मुराद पूरी कर दी है। सरधना की नेहा शर्मा का कहना है कि उसने बाबा से नौकरी की मन्नत मांगी थी। बाबा ने उनकी इच्छा पूरी कर दी है। हर श्रद्धालु ने कहा बाबा के दर पर जो भी भक्त सच्चे मन से मांगता है, बाबा उनकी मुराद पूरी कर देते हैं। पूरा दिन मंदिर जयकारों से गूंजता रहा।