संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर। ग्राम खट्टा प्रहलादपुर की पूर्वी यमुना नहर के किनारे रविवार सुबह एक कार व बाइक सवार लोग गोवंश के अवशेष फेंककर फरार हो गए। इस पर युवकों ने हंगामा किया। इसकी जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
खट्टा प्रहलादपुर के सेठ तारीफ सिंह डिग्री कॉलेज के समीप पूर्वी यमुना नहर की पटरी पर रविवार सुबह गांव के कुछ युवक दौड़ लगा रहे थे। उन्होंने बताया कि वैगनआर कार व बाइक सवार लोगों ने कई बोरे पटरीकिनारे फेंक दिए। युवाओं के शोर मचाने पर फरार हो गए। युवकों ने पास जाकर देखा तो बोरों में गोवंश के अवशेष मिले। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवशेष जमीन में दबवा दिए। युवकों ने गोवंश के अवशेष डालने वालों पर कार्रवाई की मांग की। इस पर चांदीनगर थाना प्रभारी नितिन पांडेय का कहना है कि मामले की जांच की जारी है। अवशेष फेंकने वालों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।