गाड़ी में तोड़फोड़ के बाद क्षतिग्रस्त हुआ शीशा
- फोटो : BAGHPAT
सिंघावली अहीर पुलिस पर लगाया आरोप, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने चुनाव आयोग में की शिकायत
पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज बताते हुए तीन को गिरफ्तार दिखाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सिंघावली अहीर पुलिस पर डौला गांव में प्रचार करने पहुंचे आप कार्यकर्ताओं की गाड़ी में तोड़फोड़ करने और हिरासत में लेने का आरोप लगाया गया है। यूपी के प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मामले में ट्वीट करते हुए चुनाव आयोग में शिकायत की। उधर, इस मामले में पुलिस ने आचार संहिता का उल्लंघन का मामला दर्ज करते हुए तीन को गिरफ्तार दिखाया है।
आम आदमी पार्टी के बागपत विधानसभा सीट से प्रत्याशी नवीन गुर्जर का आरोप है कि उनके चार कार्यकर्ता एक गाड़ी में डौला गांव में डोर-टू-डोर प्रचार करने गए थे। जहां सिंघावली अहीर थाना पुलिस पहुंच गई। आरोप है कि नियमों का पालन करने के बाद भी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया। दो कार्यकर्ताओं कमल व गौरव को हिरासत में ले लिया गया। इस मामले का पता चलते ही आप के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने ट्वीट करके पुलिस पर आरोप लगाए और चुनाव आयोग से मामले में कार्रवाई करने की मांग की।
सीओ बागपत अनुज मिश्रा ने बताया कि इस मामले में सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने आचार संहित उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर दिया। इसमें तीन कार्यकर्ताओं गौरव, कपिल व कमल को गिरफ्तार दिखाया गया है। उन पर आरोप है कि वह पोस्टर बांट रहे थे और इसके लिए भीड़ लगाई हुई थी। उनसे 250 पोस्टर व एक गाड़ी बरामद दिखाई गई है। इसके साथ ही पुलिस ने कहा कि इस मामले में कुछ लोगों ने ट्वीट किए है, जिनमें सही जानकारी नहीं दी गई है।