बागपत। कई दिन से ठंड पड़ रही थी और धूप निकलने से राहत मिल रही थी, लेकिन यहां मंगलवार का दिन सबसे अधिक ठंडा रहा। कड़ाके की ठंड ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। वहीं कोहरे के कारण वाहन चालक परेशान रहे।
सर्दी का असर मंगलवार को काफी दिखाई दिया और घर से बाहर निकलते ही लोग परेशान होते दिखाई दिए और भारी गलन से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं बाजारों में भी चहल-पहल कम ही दिखी। कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी और नेशनल हाईवे सहित कई मार्गों पर वाहनों को रोककर कोहरा छंटने का इंतजार करना पड़ा। ऐसे में लोगों ने ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा लिया। वहीं दोपहर तीन बजे के करीब सूर्यदेव ने दर्शन दिए, लेकिन धूप से ठंड दूर नहीं हो सकी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री तो न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।