-इंटरमीडिएट स्तर पर भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान सहित अन्य विषयों की रखी जाएंगी कॉपियां
-फरवरी माह के पहले सप्ताह में कराई जाएगी प्रयोगात्मक परीक्षा, शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। यूपी बोर्ड की ओर से फरवरी के प्रथम सप्ताह से प्रस्तावित इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा की कॉपियों को अब एक साल तक सुरक्षित रखा जाएगा। इन्हें मांगने पर उपलब्ध कराया जाएगा। बोर्ड के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य को दिशा निर्देश जारी किया है ताकि विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
प्रयोगात्मक परीक्षाओं में लापरवाही और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। कहीं नंबर बढ़ाने के आरोप लगे हैं तो कहीं बिना परीक्षा कराए ही अंक अपलोड करने की शिकायतें मिली हैं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इस बार व्यवस्था को और अधिक सख्त किया है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे। इसके लिए पहली बार प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष, प्रयोगशाला और मूल्यांकन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे कार्यशील स्थिति में रहेंगे। साथ ही उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी, जिससे जरूरत पड़ने पर उसकी जांच की जा सके। इसके अलावा परीक्षार्थियों की उपस्थिति, प्रश्नपत्र वितरण, मूल्यांकन प्रक्रिया और अंक अपलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाएगा।
डीआईओएस राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं, उपस्थिति पत्रक और अन्य संबंधित दस्तावेजों को कम से कम एक वर्ष तक सुरक्षित रखा जाएगा। यदि किसी भी छात्र द्वारा अंक या परीक्षा प्रक्रिया को लेकर शिकायत दर्ज कराई जाती है तो इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर जांच की जाएगी। उन्होंने प्रधानाचार्यों को जारी निर्देश में कहा कि यदि किसी विद्यालय की ओर से नियमों की अनदेखी की जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि फरवरी के प्रथम सप्ताह में प्रयोगात्मक परीक्षा कराई जाएगी और इसकी तैयारी पूरी हो गई है।