- यहां रविवार को एक्यूआई 390 पर पहुंचा, प्रदूषण रोकने को अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। हवा में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर दोबारा से पहुंच गया है और यहां रविवार को एक्यूआई 390 पर पहुंच गया। प्रदूषण अधिक होने के कारण सुबह को स्मॉग छाया रहा तो लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और सांस के मरीजों का दम घुटने लगा है। आंखों में जलन के कारण भी परेशानी बढ़ रही है।
यहां पिछले महीने प्रदूषण बढ़ना शुरू हुआ था जो कई दिन बढ़ता रहा। इसमें पिछले एक सप्ताह से कमी आई हुई थी मगर शुक्रवार को अचानक प्रदूषण फिर से बढ़ गया था। रविवार को एक्यूआई 390 पर पहुंच गया और इसके साथ ही लोगों की परेशानी बढ़ गई। अब जिस तरह से सर्दी बढ़ती जा रही है, उसको देखते हुए अभी प्रदूषण भी ऐसे ही बढ़ने की बात कही जा रही है।
- गले में ज्यादा समस्या, सांस लेने में परेशानी हुई
डिप्टी सीएमओ डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि जिस तरह से प्रदूषण बढ़ा है और स्मॉग छाया हुआ है। उससे गले में समस्या ज्यादा हो रही है। इसके अलावा सांस लेने में परेशानी हो रही है और सांस के मरीजों के लिए प्रदूषण काफी खतरनाक है। उनके अनुसार अस्पताल में इन बीमारियों के मरीज भी काफी बढ़ रहे हैं।
मास्क व चश्मा लगाने की सलाह
चिकित्सकों के अनुसार इस तरह के मौसम में ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए, क्योंकि शरीर के अंदर गए कण ठंडे पानी से जम जाते हैं। घर से बाहर निकलना है तो मुंह पर मास्क व आंखों पर चश्मा लगाकर निकलना चाहिए। आंखों को दिन में कई बार पानी से धोते रहना चाहिए, जिससे आंखों में परेशानी होने का खतरा कम रहता है।