- जिला स्तरीय टीम ने शुक्रवार को किया 140 विद्यालयों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। 19 अक्तूबर से शुरू हो रहे शैक्षिक सत्र को लेकर शुक्रवार को जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों की टीमों ने माध्यमिक, राजकीय, सीबीएसई तथा अन्य बोर्ड के 140 विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। अधिकारियों ने विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को विद्यालयों में मास्क, सैनिटाइजर तथा सोशल डिस्टेंस का पालन कराते हुए शिक्षण कार्य कराने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में शुरू होने वाले शैक्षिक सत्र की निगरानी के लिए प्रत्येक ब्लॉक पर दो नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है। शुक्रवार को नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने ब्लॉक के विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षिक सत्र के लिए कराई गई तैयारियों की जांच की। प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को विद्यालय में सैनिटाइजर, मास्क की व्यवस्था कराने तथा सोशल डिस्टेंस का पालन कराते हुए शिक्षण कराने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जिले के सभी ब्लॉक के माध्यमिक, राजकीय, सीबीएसई बोर्ड संस्कृत बोर्ड के 140 विद्यालयों का निरीक्षण किया गया।
विद्यालयों की व्यवस्थाएं देखी
अग्रवाल मंडी टटीरी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ महेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को कस्बे के वैदिक कन्या इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर प्रधानाचार्य मंजू कौशिक से कमरों की व्यवस्था, सैनिटाइजर के बारे में जानकारी ली। जय प्रकाश रुहेला, जसविंदर सिंह रहे। उधर, डीएवी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य ओमवीर सिंह तोमर ने शिक्षकों को शिक्षण कार्य के दौरान सोशल डिस्टेंस व मास्क का प्रयोग करने के निर्देश दिए।