बागपत। ट्यौढ़ी गांव की कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोवा में हुई अंडर-17 वर्ग की कबड्डी चैंपियनशिप जीती। अब नेपाल में होने वाली चैंपियनशिप के लिए टीम का चयन हुआ। टीम के जीतने पर गांव में हर्ष की लहर है। सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
टीम के मुख्य कोच अंकित आर्य ने बताया कि गोवा में एसएजी स्टेडियम में डेलिशा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में चार-पांच जनवरी को अंडर-17 वर्ग की चैंपियनशिप हुई थी। इसमें ट्यौढ़ी की टीम ने प्रतिभाग किया था। 23 टीमों को पछाड़ते हुए ट्यौढ़ी की टीम विजेता रही। अब विजेता टीम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। टीम में कप्तान सन्नी शर्मा, हर्षवर्धन शर्मा, उप कप्तान तुषार शर्मा, दीक्षित चौधरी, आशुतोष शर्मा, आशीष, अंशुल, प्रीत, अंशुल, गौरव शर्मा, विशाल और दीप ने प्रतिभाग किया। गांव में विजेता खिलाड़ियों को स्वागत किया। टीम के कप्तान सनी शर्मा ने बताया कि डॉ. राम करन की प्रेरणा और सलाह के कारण ही उन्होंने यह मुकाबला जीता। सभी को एरोबिक्स गेम खेलने के लिए भी प्रेरित किया है। कोच शुभम चौधरी और मंजूर अली ने भी जानकारियां दी।