बागपत कोतवाली में शिकायत करने जाते विभिन्न गांव के प्रधान
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। राशन की दुकान आवंटन के मामले में ब्लाक परिसर में बीएमएम से मारपीट के आरोपी ट्योढ़ी गांव के प्रधान सचिन और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसको लेकर प्रधानों और प्रशासन में ठन गई है। प्रधानों ने एसपी से मिलकर बीएमएम पर महिलाओं से अभद्रता का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करते हुए सभी विकास कार्य ठप करने की चेतावनी दी गई है।
एनआरएलएम के ब्लाक मिशन मैनेजर सूरज ने ट्योढ़ी प्रधान सचिन शर्मा सहित अन्य के खिलाफ बागपत कोतवाली में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसकी मंगलवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने प्रधान सचिन शर्मा व उसके साथी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रधान व उसके साथी को जेल भेज दिया।
उधर ट्योढ़ी प्रधान के पक्ष में ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारी एसपी से मिलने पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि मारपीट का कारण पुलिस ने पता नहीं किया। उनका आरोप है कि बीएमएम ने ब्लाक में गई महिलाओं से अभद्रता की थी और इस कारण ही वहां मारपीट हुई।
प्रधानों ने आरोप लगाया कि महिलाओं की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया और उसे दबा दिया गया है। उन्होंने बीएमएम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की और मुकदमा दर्ज नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस दौरान आशीष शर्मा प्रधान, सचिन उर्फ भीम प्रधान, संदीप चौधरी, र्हत प्रधान, प्रधान प्रतिनिधि रोहित धनकड़ मौजूद रहे।