शनिवार दोपहर आंधी व बूंदाबांदी के बाद गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। मगर रविवार को तापमान में दो डिग्री गिरावट के बाद भी लोग परेशान नजर आए। लू से रविवार को भी लोगों की हालत खराब रही। तापमान में सोमवार को दोबारा से बढ़ोतरी होने की बात कही जा रही है।
विज्ञापन
यहां रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री तो न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि शुक्रवार तक यह 45 डिग्री सेल्सियस चल रहा था। यहां तापमान कम होने के बाद भी दोपहर में कड़ी धूप और लू से लोग परेशान रहे। लोग रविवार होने के चलते घरों से कम निकले।
चिकित्सक भी लोगों को धूप और लू से बचने की सलाह दे रहे हैं, क्योंकि तेज धूप व लू में शरीर झुलस रहा है। इससे लोग बीमारियों की चपेट में ज्यादा आ रहे हैं। इसके साथ ही पेय पदार्थों का अधिक सेवन करने की सलाह दे रहे हैं।
विज्ञापन
डिप्टी सीएमओ डा. यशवीर सिंह के अनुसार गर्मी से बचाव के लिए आंखों पर चश्मा, सिर पर टोपी लगाने के साथ ही कपड़ा रख सकते हैं। सोमवार को तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की बात कही जा रही है और वह कई दिन तक ऐसे ही रहेगा।
छुट्टी में बाजार व सड़क पर लोग कम दिखे
रविवार को छुट्टी में दोपहर में तेज धूप व लू के कारण बाजार व सड़कों पर लोग कम दिखाई दिए। नेशनल हाईवे तक पर वाहनों का आवागमन काफी कम दिखाई दिया। बाजार में स्थिति ज्यादा खराब रही और शाम होने के बाद ही लोग घरों से बाहर निकले। इससे व्यापार पर भी असर दिख रहा है।