संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह व एसीएमओ डॉ. भुजवीर सिंह ने धनौरा सिल्वरनगर व ग्वालीखेड़ा पीएचसी तथा मीतली में सब सेंटर का निरीक्षण किया। धनौरा सिल्वरनगर पीएचसी पर प्रभारी चिकित्सक और मीतली सब सेंटर पर सीएचओ अनुपस्थित मिले। सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने प्रभारी चिकित्सक व सीएचओ को शनिवार कार्यालय में प्रस्तुत होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। स्पष्टीकरण न देने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
धनौरा पीएचसी पर नियुक्त प्रभारी चिकित्सक डॉ. अमित त्यागी व फार्मासिस्ट संजीव यादव के बीच विवाद चल रहा है। डॉ. अमित त्यागी ने फार्मासिस्ट पर शराब पीकर केंद्र पर आने तथा फार्मासिस्ट ने प्रभारी चिकित्सक पर केंद्र पर न आने का आरोप लगाते हुए डीएम व सीएमओ से शिकायत की थी। सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने मंगलवार को पीएचसी का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में प्रभारी चिकित्सक डॉ. अमित त्यागी अनुपस्थित मिले थे।
सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह व एसीएमओ डॉ. भुजवीर सिंह ने शुक्रवार को पीएचसी का निरीक्षण किया। इसमें प्रभारी चिकित्सक गैर हाजिर मिले तथा वार्ड ब्वाय गौरव छुट्टी पर गया हुआ था। केंद्र पर तैनात फार्मासिस्ट संजीव यादव मौजूद मिला। एसीएमओ ने पीएचसी पर उपचार कराने के लिए आए मरीजों से उपचार संबंधी जानकारी लेकर रजिस्टर की भी जांच की। इसके अतिरिक्त टीम ने ग्वालीखेड़ा पीएचसी व मीतली में सब सेंटर का भी निरीक्षण किया। मीतली सब सेंटर पर तैनात सीएचओ नदारद मिले। एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि निरीक्षण की आख्या सीएमओ को सौंप दी है।
उधर, सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रभारी चिकित्सकों को पूर्व में ही शुक्रवार को पीएचसी पर मौजूद रहने के निर्देश दिए थे। प्रभारी चिकित्सक ने टीम के पहुंचने पर स्वयं के बीमार होने की जानकारी दी। उन्होंने प्रभारी चिकित्सक को शनिवार को कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निर्देश का पालन न करने पर चिकित्सक व सीएचओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।